प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर Varanasi में आक्रोश, अजय राय का पुतला दहन, वार्ड नंबर 23 से निकला विरोध मार्च

Varanasi: प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 23 के सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया और अजय राय का पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया।

वार्ड नंबर 23 से निकली विरोध यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक, स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी भी प्रकार की अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ

सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सम्मानित नेता हैं और विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अमर्यादित भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और यहां की जनता उनके प्रति विशेष सम्मान रखती है। यदि कोई नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करेगा तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी। उन्होंने दावा किया कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं बल्कि वाराणसी की जनता की भावनाओं का प्रतीक है।

Varanasi से अजय राय बनते हैं उम्मीदवार

प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, गरीब कल्याण और वाराणसी के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिसे जनता भली-भांति देख रही है। राम सिंह यादव ने यह भी कहा कि यदि आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर अजय राय को वाराणसी से उम्मीदवार बनाती है तो जनता उन्हें पहले से भी बड़े अंतर से पराजित करेगी।

विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के अंत में अजय राय का पुतला दहन कर प्रदर्शन समाप्त किया गया।

इस अवसर पर अभय सिंह (मंडल उपाध्यक्ष), राकेश सिंह (मंडल मंत्री भाजपा), आशुतोष पांडेय (शक्ति केंद्र संयोजक), विनोद पटेल, गुंजन राय, भूपेंद्र राय, राहुल यादव, रवि पटेल, सुजीत पटेल, आशीष गुप्ता, बबुआ तिवारी, उत्तम प्रसाद गुप्ता, बबलू साहनी, रामजी गुप्ता, किसुन पटेल और दीपक राय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles