वाराणसी में BJP द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन किए जाने के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार जवाबी प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के छायाचित्र जलाकर BJP सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
BJP सरकार पर जमकर बोला हमला
प्रदर्शन के दौरान “मोदी-योगी शर्म करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “जनविरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि BJP लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस हर स्तर पर इसका जवाब देगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि BJP ने जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व का अपमान करने का प्रयास किया, उसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी BJP की “नफरत की राजनीति” के खिलाफ जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
सभी आरोपियों को मिले सख्त सजा
वहीं प्रदेश महासचिव सरिता पटेल ने महोबा की दलित युवती से जुड़े मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए तथा पीड़ित परिवार को ₹50 लाख की आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
जवाबी प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता महोबा की दलित युवती को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा गया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

