BHU प्रशासन ने बकरीद के अवसर पर अवकाश तिथि में संशोधन करते हुए 28 मई 2026 को विश्वविद्यालय के अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवाएं बंद रखने का आदेश जारी किया है। पहले विश्वविद्यालय की अवकाश सूची में 27 मई को बकरीद की छुट्टी घोषित की गई थी, लेकिन त्योहार की संभावित तिथि में बदलाव के बाद अब संशोधित आदेश जारी किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन (BHU) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 28 मई को विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों और कार्यालयों में अवकाश रहेगा। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन संकायों या विभागों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तय हैं, वे अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
BHU: इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की तरह रहेंगी संचालित
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ओपीडी सेवाएं बंद रहने के बावजूद इमरजेंसी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पूर्व की तरह संचालित होती रहेंगी। भर्ती मरीजों का इलाज, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तथा जरूरी विभाग खुले रहेंगे, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों से अपील की है कि वे संशोधित अवकाश आदेश को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्यों की योजना पहले से बना लें। साथ ही अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को सलाह दी है कि ओपीडी से संबंधित सामान्य परामर्श और जांच का कार्य 28 मई से पहले या बाद में निपटा लें।

