अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई ने कृषि विज्ञान संस्थान के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में एक छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार और छात्रावास की समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
परिषद का आरोप है कि छात्रावास के वार्डन सहायक आचार्य सैकत मांझी ने एक छात्र के साथ अभद्र और अमानवीय व्यवहार किया। ABVP के अनुसार, वार्डन देर रात कथित रूप से नशे की हालत में छात्र के कमरे में पहुंचे और उसका कॉलर पकड़कर दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि छात्र द्वारा बनाया गया भोजन डस्टबिन में फेंक दिया गया और उसके बर्तन व कमरे को सीज कर ताला लगा दिया गया।
परिषद ने दावा किया कि इस घटना के चलते छात्र को पूरी रात छात्रावास परिसर के ग्राउंड में बितानी पड़ी। घटना को लेकर छात्रों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने आंदोलन शुरू किया।
दोषियों पर तत्काल होनी चाहिए कार्रवाई- ABVP इकाई अध्यक्ष
ABVP इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रावास छात्रों के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन यहां छात्रों को मानसिक प्रताड़ना और भय का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं विश्वविद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
परिषद के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। भीषण गर्मी के बावजूद छात्रों को शुद्ध पेयजल और वॉटर कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही मेस और कैंटीन व्यवस्था भी अव्यवस्थित बनी हुई है।
ABVP की चार प्रमुख मांगें
- आरोपी वार्डन सहायक आचार्य सैकत मांझी को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
- छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
- छात्रावास में मेस और कैंटीन व्यवस्था को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए।
- प्रथम और द्वितीय तल पर पीने के पानी और वॉटर कूलर की तत्काल व्यवस्था की जाए।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्रहित में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

