Hot Weather: काशी में गर्मी का कहर, पहली बार दो दिन का रेड अलर्ट जारी, 47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

Hot Weather: वाराणसी इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि इस वर्ष पहली बार लगातार दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने 22 और 23 मई को वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में अत्यधिक गर्मी और तेज लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में भी उमस और गर्म हवाओं से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार मई में ही जून-जुलाई जैसी स्थिति महसूस की जा रही है। दिन में तेज तपिश लोगों को झुलसा रही है, जबकि रात में बढ़ी नमी और गर्म हवाओं (Hot Weather) ने परेशानी और बढ़ा दी है। बुधवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा था। रात 11 बजे तक तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस बना रहा।

Hot Weather: तीन दिनों तक गंभीर हीटवेव

गुरुवार को भी हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और गर्म हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

BHU के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-हरियाणा क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सिस्टम का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है। इसके कारण राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में धूल भरी आंधियां चल रही हैं और उसी का प्रभाव पूर्वांचल में भी महसूस किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने (Hot Weather) की सलाह दी है। उनके अनुसार हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।

शहर की दिनचर्या पर भी गहरा असर

गर्मी का असर (Hot Weather) अब शहर की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर होते-होते घाटों के पत्थर तपने लगते हैं और सड़कें लगभग सुनसान नजर आने लगती हैं। काशी के प्रमुख घाटों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दे रही है। लोग सिर और चेहरे को ढककर निकल रहे हैं, जबकि नगर निगम कई इलाकों में पानी का छिड़काव करा रहा है ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।

मौसम विभाग ने 21 और 24 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। विशेषज्ञों ने लोगों को लगातार पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles