Mau जिले के घोसी क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा घोसी के बलुआ पोखरा इलाके के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
Mau: मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी
हादसे में मृतकों की पहचान रियाज अहमद (26) पुत्र इकबाल अहमद निवासी नवापुरा और राम आशीष यादव (28) पुत्र रामजनम निवासी इटौरा, कोपागंज के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दुर्घटना (Mau) में घायल आकाश यादव को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

