वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की साइबर सेल की प्रतिबिम्ब टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी व घरेलू सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और अपर पुलिस आयुक्त अपराध अलोक प्रियदर्शी के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।
आंध्र प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलादी नागराजू पुत्र जलादी वीरय्या निवासी ग्राम नरकोडुर, चेब्रोलु मंडल, जनपद गुंटूर, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी OLX सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी और घरेलू सामान बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन डालता था। वह ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर पहले ऑनलाइन भुगतान कराता और पैसा मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और मोबाइल IMEI नंबर का इस्तेमाल करता था। वह भुगतान लेने के लिए गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े QR कोड का उपयोग करता था, ताकि वास्तविक बैंक खातों की जानकारी छिपी रहे। आरोपी लगातार शहर बदलकर अलग-अलग होटलों में ठहरता था और वहीं से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
2015 से कर रहा था OLX से ठगी
पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2015 से ऑनलाइन ठगी करने की बात स्वीकार की है। जांच में विभिन्न राज्यों से उसके खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की 73 शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार समन्वय पोर्टल पर आरोपी के मोबाइल IMEI नंबर से “डिजिटल अरेस्ट” से जुड़ी शिकायतों की जानकारी भी मिली है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
अब तक की जांच में करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

