पेपर लीक और धांधली पर फूटा छात्रों का गुस्सा, NTA के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

वाराणसी में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई तथा NTA की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

NTA द्वारा आयोजित कई परीक्षाएं हुई लीक

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ABVP पदाधिकारी शिवम तिवारी ने कहा कि NTA द्वारा आयोजित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक और धांधली की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र सालभर कठिन मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।

छात्रों के साथ हो रहा अन्याय

शिवम तिवारी ने आरोप लगाया कि यदि कोई छात्र परीक्षा केंद्र पर कुछ मिनट की देरी से पहुंचता है तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाता, लेकिन जब परीक्षा स्थगित होती है या पेपर लीक होता है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने इसे छात्रों के साथ अन्याय करार दिया।

प्रदर्शन के दौरान ABVP वाराणसी महानगर के कार्यकर्ताओं ने NTA और उसके महानिदेशक का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं ने सरकार से पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई। ABVP नेताओं ने कहा कि छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए NTA को भंग कर नई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो छात्र आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles