सारनाथ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर (OP Rajbhar) के गनर को एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सिपाही प्रशांत राय पर शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप है।
पीड़िता के अनुसार, प्रशांत राय ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उससे संपर्क बढ़ाया और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। दोनों वाराणसी के बेनीपुर इलाके में किराए के मकान में साथ रहने लगे।
गर्भवती होने पर कराया जबरन गर्भपात
महिला का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने उस पर दबाव बनाकर मिर्जापुर ले जाकर जबरन गर्भपात करा दिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन आरोपी लगातार उसे धमकाता रहा। चार साल तक शोषण झेलने के बाद जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी पीछे हट गया। इसके बाद हिम्मत जुटाकर 4 मई को महिला सारनाथ थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
OP Rajbhar का गनर पूछताछ में फंसा
शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपी प्रशांत राय अपने भाई के साथ थाने पहुंचा। एसीपी स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में जब उससे पूछताछ की गई, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर उसे तुरंत हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
प्रशांत राय वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था और वर्तमान में मंत्री (OP Rajbhar) की सुरक्षा में गनर के रूप में तैनात था। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मियों के आचरण पर भी सवाल उठने लगे हैं।

