धर्मनगरी काशी में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास और गेल (इंडिया) लिमिटेड के सहयोग से टेढ़ीनीम स्थित अन्नक्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) परियोजना का शिलान्यास किया गया।
इसी क्रम में शहर के चितईपुर क्षेत्र स्थित DNS लॉन में भी पहली बार PNG आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जिससे वाराणसी में सिटी गैस नेटवर्क को और मजबूती मिली है।
अन्नक्षेत्र में PNG व्यवस्था
टेढ़ीनीम स्थित अन्नक्षेत्र में शुरू की गई यह पहल भोजन निर्माण प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और प्रभावी बनाएगी। पीएनजी के उपयोग से ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी, प्रदूषण में कमी आएगी भोजन बनाने की प्रक्रिया तेज और सुरक्षित होगी। इस परियोजना का शिलान्यास प्रशासनिक अधिकारियों और GAIL के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में GAIL के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से सुशील कुमार (महाप्रबंधक, वाराणसी), गौरी शंकर मिश्रा, सुरेश तिवारी, उदित सिन्हा, कलाधर नारायण, नवाजिश अली अंसारी, प्रवीण सिंह, चंदन, इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
DNS लॉन में पहली बार PNG आपूर्ति
शहर में PNG विस्तार के तहत चितईपुर स्थित DNS लॉन को पहली बार पाइप्ड गैस नेटवर्क से जोड़ा गया। उद्घाटन सुशील कुमार द्वारा किया गया, जिसमें प्रोजेक्ट्स और मार्केटिंग टीम के अधिकारी भी शामिल रहे।
अब तक DNS लॉन में हर महीने लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी, जो शादी और कार्यक्रमों में और बढ़ जाती थी। PNG कनेक्शन मिलने के बाद—
- गैस की लगातार सप्लाई मिलेगी
- सुरक्षा स्तर बेहतर होगा
- खर्च में कमी आएगी
- पर्यावरण अनुकूल ईंधन का उपयोग बढ़ेगा
गेल (इंडिया) लिमिटेड लगातार वाराणसी में अपने गैस नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। आने वाले समय में और भी संस्थानों, घरों और व्यावसायिक इकाइयों को PNG से जोड़ने की योजना है, जिससे शहर में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

