काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में नियमितीकरण की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को मधुबन पार्क में चल रहा शांतिपूर्ण धरना 9वें दिन भी जारी रहा, जहां कर्मचारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान हजारों कर्मचारियों और समर्थकों ने हस्ताक्षर (BHU) कर अपनी नाराजगी जताई। आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि पिछले नौ दिनों से वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
कुलपति से की भावुक अपील
कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय (BHU) के कुलपति से अपील करते हुए कहा कि वे उनकी समस्याओं को समझें और नियमितीकरण पर जल्द निर्णय लें। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे वर्षों से विश्वविद्यालय की सेवा कर रहे हैं, इसलिए उन्हें स्थायी नियुक्ति का अधिकार मिलना चाहिए।

इस आंदोलन की खास बात सैकड़ों महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने भी अपनी मांगों को मजबूती से रखते हुए प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की।
शांतिपूर्ण तरीके से जारी विरोध
मधुबन पार्क (BHU) में कर्मचारी पूरी अनुशासन के साथ धरना दे रहे हैं। कभी नारेबाजी, तो कभी शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अब हस्ताक्षर अभियान के जरिए वे अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। कर्मचारियों ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

