जेब में छिपाकर ले जा रहे थे करोड़ों का सोना, वाराणसी कैंट स्टेशन से 2 तस्कर गिरफ्तार

Varanasi News: वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सोना तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2.215 किलो विदेशी सोने के 19 बिस्कुट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.54 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामद सोने को आगे की जांच के लिए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) को सौंप दिया गया है।

डिब्रूगढ़ राजधानी से पहुंचे थे वाराणसी

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर-5 पर पहुंचते ही दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस टीम जैसे ही उनकी ओर बढ़ी, दोनों घबराकर स्टेशन से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बालासो पुत्र अशोक जाधव (36) निवासी सतारा और तेजस बालासाहेब पंवार (23) निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में बताई। तलाशी के दौरान बालासो की पैंट की जेब से 10 और तेजस की जेब से 9 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। दोनों ने सोने के बार पैंट की फेंट काटकर छिपा रखे थे।

बांग्लादेश से तस्करी कर भारत लाया गया था सोना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद किया गया सोना विदेशी मूल का है, जिसे बांग्लादेश से तस्करी कर भारत लाया गया था। उन्हें पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से यह सोना देकर दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोपियों के मुताबिक उनके मालिक श्यामबाबू के कहने पर वे इस सोने को ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जा रहे थे।

तीन महीने में कई बार कर चुके हैं तस्करी

मामले की जानकारी देते हुए प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे एन. कोलांची ने बताया कि दोनों आरोपी खुद को छात्र और पेंटर बताते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले तीन महीनों में ये दोनों करीब 35 से 40 बार सोने की तस्करी कर चुके हैं।

डीआरआई को सौंपा गया बरामद सोना

पूरी कार्रवाई जीआरपी और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की संयुक्त टीम ने की। बरामद सोने को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए वाराणसी स्थित डीआरआई की सिगरा इकाई को सौंप दिया गया है। बरामदगी की सूचना मिलते ही कस्टम और आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में जीआरपी कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, आरपीएफ पोस्ट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव, निरीक्षक देवचंद्र यादव, उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा समेत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles