Varanasi: प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। मुहर्रम के दौरान अस्थायी रूप से रोके गए ध्वस्तीकरण अभियान को दोबारा शुरू कर दिया गया। दालमंडी क्षेत्र में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से जर्जर और अधिग्रहित भवनों को गिराया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना (Varanasi) के तहत कुल 187 भवनों को चिह्नित किया गया था। अब तक इनमें से 140 भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। शेष भवनों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी है।
मुहर्रम के बाद फिर शुरू हुई कार्रवाई
एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। पूरे अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुहर्रम के मद्देनजर कुछ दिनों के लिए अभियान स्थगित किया गया था, क्योंकि शिया समुदाय की ओर से कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया गया था।
मॉडल सड़क के रूप में विकसित होगी दालमंडी
दालमंडी (Varanasi) को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाना है। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 51वें काशी दौरे के दौरान किया था। परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 215.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें प्रभावित 186 भवन एवं दुकान मालिकों को लगभग 191 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे।
Varanasi: 60 फीट चौड़ी बनेगी नई सड़क
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, नई सड़क से चौक थाना तक 650 मीटर लंबी दालमंडी गली को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसमें 30 फीट चौड़ी सड़क और दोनों ओर 15-15 फीट चौड़ी पटरी बनाई जाएगी। परियोजना (Varanasi) के तहत बिजली, पानी और सीवर की सभी लाइनें भूमिगत की जाएंगी तथा क्षेत्र में फैले बिजली के तारों के जाल को भी हटाया जाएगा।
करीब 650 मीटर लंबे इस मार्ग को 17.5 मीटर चौड़ा करने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतिम दिन इस परियोजना के लिए करीब 215 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था, जिसमें शुरुआती चरण (Varanasi) के लिए 2 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आधुनिक शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी।

