वाराणसी में रविवार को री-NEET 2026: 47 केंद्रों पर 25 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

रविवार को होने वाली री-NEET 2026 परीक्षा के लिए वाराणसी पूरी तरह तैयार है। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-NEET 2026) में इस बार केवल अभ्यर्थियों की ही नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था की भी कड़ी परीक्षा होगी। जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर 25,478 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और जिला प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

री-NEET परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि सुरक्षा जांच, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें। परीक्षा को लेकर ट्रैफिक प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

एक दिन पहले केंद्रों का सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा जाएगा जिम्मा

परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन की निगरानी में सौंप दिया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वॉड, प्रशासनिक अधिकारी और निगरानी टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य

एनटीए के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रवेश से पहले सघन फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा। हालांकि एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी तकनीकी खराबी, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या या मशीन में दिक्कत के कारण बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाता है, तो अभ्यर्थी को परीक्षा (NEET) से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित उम्मीदवार से लिखित घोषणा-पत्र लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

ड्रेस कोड का भी रखना होगा ध्यान

एनटीए ने अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया है। NEET उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। बड़े बटन, अतिरिक्त जेब, धातु से जुड़े सामान या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं वाले कपड़े पहनने से बचने को कहा गया है।

धार्मिक मान्यताओं से जुड़े प्रतीकों जैसे पगड़ी, हिजाब, कलावा आदि की अनुमति रहेगी, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।

NEET परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड ही मान्य

री-NEET 2026 के लिए एनटीए ने नया प्रवेश पत्र जारी किया है। अभ्यर्थियों को केवल नवीनतम एडमिट कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। पुराने एडमिट कार्ड मान्य नहीं होंगे। इसके साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ रखना अनिवार्य होगा। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत वायुसेना के विमान से वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।

पूरे परिवहन और भंडारण के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पेपर लीक की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। अधिकारियों का कहना है कि NEET परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles