उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय काशी प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को BHU पहुंचकर विज्ञान और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और इसके बाद निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण किया।
वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार पर दिया जोर
BHU स्वतंत्रता भवन में आयोजित विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विज्ञान भारती के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान का समन्वय देश को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अनुसंधान, नवाचार और विज्ञान आधारित विकास की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी नवाचार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि देश के युवा शोध और विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
नेशनल एजिंग सेंटर का किया निरीक्षण
राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने BHU परिसर में निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र वृद्धजनों के स्वास्थ्य, उपचार और शोध कार्यों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा तथा पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए BHU परिसर से लेकर हेलीपैड तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की तैनाती की गई थी। स्वतंत्रता भवन परिसर में प्रवेश से पूर्व सभी आगंतुकों की गहन जांच की गई।
वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मुख्यमंत्री के आवागमन मार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
BHU हेलीपैड से आजमगढ़ के लिए हुए रवाना
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे BHU हेलीपैड पहुंचे, जहां उनका हेलीकॉप्टर पहले से तैयार खड़ा था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के काशी प्रवास के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय और सतर्क दिखाई दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और सुरक्षा व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया गया।

