Ajay Rai के खिलाफ प्रधानमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर महोबा में एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। महोबा नगर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता नीरज रावत की तहरीर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Ajay Rai समते करीब 30 समर्थकों पर मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान सचिव बृजराज अहिरवार और 25 से 30 अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं — 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत दर्ज की गई है। बताया गया कि यह मुकदमा 23 मई 2026 की रात 1:10 बजे नगर कोतवाली में दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता नीरज रावत का आरोप है कि सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और लोगों की भावनाएं आहत होने की आशंका बनी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
एफआईआर में Ajay Rai का पता लखनऊ दर्ज किया गया है, जबकि बृजराज अहिरवार को महोबा निवासी बताया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, बयान और अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है। नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कार्रवाई बताते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता और कानून अपना काम कर रहा है।

